वृद्धजनों की सुविधाओं पर डीएम सख्त, वृद्ध आश्रम में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
संवाददाता मुकेश कुमार 


एटा। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कासगंज रोड स्थित समाज क ल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय वृद्ध आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और वृद्धजनों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने आश्रम के रसोईघर, स्नानागार, शौचालय और पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को परखा। उन्होंने वृद्धजनों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और प्रबंधक को निर्देश दिए कि आश्रम में केवल उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य और सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। मौसम जनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका को तत्काल फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। आश्रम में खराब पड़े कूलरों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उनकी शीघ्र मरम्मत कराने और पेयजल के लिए लगाए गए वाटर कूलर को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर में बने अस्थायी सीमेंटेड पॉन्ड को बंद कराने तथा नालियों को पटिया से सुरक्षित ढकने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम परिसर में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था नियमित रूप से बेहतर ढंग से संचालित होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि नगला भिखारी निवासी हरनाम सिंह ने अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर वृद्ध आश्रम के वृद्धजनों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था कराई है। इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए डीएम ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद सदैव सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने समाज से वृद्धजनों की सेवा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए आगे आने का आह्वान किया।












