अवैध अस्पताल संचालिका और उसकी सहयोगी भेजी गई जेल
– स्वास्थ्य विभाग की टीम से अभद्रता पड़ी भारी
संवाददाता बृजेन्द्र: खागा, फतेहपुर । ऐलई रोड हरदो में संचालित अवैध अस्पताल में गर्भपात कराने और जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम से गाली-गलौज व अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालिका सोनम दीक्षित और उसकी सहयोगी अंशू देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व डिप्टी सीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद, सीएचसी अधीक्षक डॉ. सरल सोनी व महिला स्टाफ ने ऐलई रोड पर संचालित आदित्य अस्पताल में छापेमारी की थी। टीम ने जब वीडियो बनाना शुरू किया तो अस्पताल संचालिका सोनम दीक्षित निवासी गंगानगर कॉलोनी, फतेहपुर और उसकी सहयोगी अंशू देवी निवासी टेनी गांव, खागा ने टीम से अभद्रता कर गाली-गलौज की और जांच रोकने का प्रयास किया। टीम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जांच में अस्पताल से गर्भपात में प्रयुक्त दवाएं, इंजेक्शन और उपकरण बरामद हुए। पुष्टि हुई कि अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात कराए जा रहे थे।
सभी आपत्तिजनक सामग्री जब्त कर कोतवाली में जमा कराई गई। डॉ. सरल सोनी ने दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता, गर्भपात कराने और अवैध अस्पताल संचालन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। मंगलवार को कस्बा इंचार्ज सत्य प्रकाश पाठक ने खागा बस स्टैंड से दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अस्पताल में इलाज के नाम पर की जा रही अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें प्रेमिका के IPS बनने की मन्नत में 121 लीटर गंगाजल लेकर निकला राहुल












