बंद था अस्पताल, महिला ने सीढ़ियों पर दिया बच्चे को जन्म – फतेहपुर में मानवता हुई शर्मसार
संवाददाता ब्रजेंद्र मौर्य फतेहपुर: जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल बंद मिलने के कारण अस्पताल की सीढ़ियों पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा।
घटना देवमई ब्लॉक के बकेवर कस्बे की है, जहां रहने वाली गर्भवती महिला अनुराधा को तड़के लगभग तीन बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर पर पति न होने के कारण वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेले ही पैदल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की ओर रवाना हो गई। अस्पताल की दूरी महज 500 मीटर थी, लेकिन वहां पहुंचने पर अस्पताल में ताला लटका मिला।
महिला दर्द से कराहती रही, बार-बार गेट के बाहर मदद के लिए आवाजें लगाती रही, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने कई बार 102 और 108 एंबुलेंस नंबर पर कॉल किया, पर या तो कॉल व्यस्त गई या कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। तकरीबन दो घंटे तक तड़पने के बाद, सुबह करीब 5 बजे, महिला ने अस्पताल की सीढ़ियों पर ही एक बेटे को जन्म दिया।
सुबह जब राहगीरों की नजर महिला पर पड़ी तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी और परिवार को सूचना दी गई। महिला की मां मौके पर पहुंचीं और बेटी की देखभाल करने लगीं। सुबह 8 बजे जब अस्पताल स्टाफ पहुंचा तो हड़कंप मच गया। तत्काल महिला और नवजात को भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
हालांकि इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और इंसानियत की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया है। पूछे जाने पर पीएचसी प्रभारी डॉ. विमलेश कुमार ने सफाई दी कि संबंधित स्टाफ नर्स रिटायर हो चुकी हैं, और रिक्त पदों को भरने के लिए पत्राचार किया जा चुका है।
वहीं एसीएमओ डॉ. इस्तियाक ने कहा कि उन्होंने प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला अस्पताल के बाहर दर्द में पड़ी दिख रही है। हालांकि दैनिक चक्र इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिस समय महिला पीड़ा में तड़प रही थी, उसी समय एक एंबुलेंस अस्पताल के सामने से गुजरी, लेकिन कोई मदद नहीं दी। यह आरोप भी अब चर्चाओं में है और आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 8081985572
चैनल को सब्सक्राइब करें | वेबसाइट: [dainikchakra.com]
ये भी पढ़ें फतेहपुर: फर्जी मुकदमा लिखे जाने से परेशान भाजपा नेता ने प्रमुख सचिव और डीजीपी से लगाई गुहार












