शाहजहांपुर ARTO कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, परिवहन आयुक्त से जांच की मांग 

शाहजहांपुर ARTO कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, परिवहन आयुक्त से जांच की मांग 

मंडल संवाददाता अमित चौहान

शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के ARTO कार्यालय में भ्रष्टाचार एवं दलालों के सक्रिय होने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में विवेक कुमार द्वारा उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के परिवहन आयुक्त, लखनऊ को शिकायत पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ARTO कार्यालय में बिना दलालों के माध्यम से कोई कार्य आसानी से नहीं हो पाता। जो अभ्यर्थी स्वयं ड्राइविंग परीक्षा प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें RI द्वारा फेल कर दिया जाता है, जबकि पैसों के बल पर बिना उचित परीक्षा के ही लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। विवेक कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि शाहजहांपुर जनपद में दो ड्राइविंग परीक्षण केंद्र स्थापित हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में वास्तविक परीक्षा नहीं कराई जाती। आरोप है कि बिना टेस्ट के ही अभ्यर्थियों को पास कर लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसके अतिरिक्त आरोप लगाया गया है कि कार्यालय में कुछ निजी व्यक्तियों एवं प्राइवेट कर्मचारियों को लगाकर फिटनेस सहित अन्य कार्यों में अवैध धन उगाही करवाई जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार कार्यालय में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप इतना बढ़ चुका है कि आम जनता को बिना पैसे दिए कार्य कराना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2020 में भी इसी प्रकार की शिकायत की गई थी, जिसमें विजिलेंस जांच के दौरान कुछ दलालों एवं कर्मचारियों को पकड़ा गया था। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने परिवहन आयुक्त से मांग की है कि विगत माह में जारी किए गए ड्राइविंग लाइसेंसों की टेस्ट प्रक्रिया एवं रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें