109 मोबाइल बरामद कर एटा पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां, 16 लाख रुपये के फोन मालिकों को किए सुपुर्द।
संवादाता अमन अहमद एटा पुलिस ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए गुम हुए 109 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ इलामरन जी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्वेताभ पाण्डेय तथा अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह द्वारा की गई। वहीं क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध नितीश गर्ग के नेतृत्व में साइबर सेल, सर्विलांस सेल एवं जनपदीय पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तकनीकी सर्विलांस शुरू किया गया। इसके बाद विभिन्न जनपदों एवं अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रेस की गई और उन्हें बरामद किया गया। बरामद मोबाइलों में सैमसंग, वीवो, रेडमी, ओप्पो सहित कई कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक जनपद पुलिस कुल 655 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप चुकी है। यह उपलब्धि साइबर अपराध नियंत्रण और आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक दीक्षित कुमार प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा प्रभारी सर्विलांस सेल सहित विभिन्न थाना प्रभारियों और साइबर टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने, सिम तुरंत बंद कराने और किसी भी अनजान व्यक्ति या लिंक के साथ बैंकिंग एवं निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें जय जवान जय किसान लोक शक्ति संगठन की नई कार्यकारिणी घोषित













