“कुछ दिनों में लौट आया अवैध धंधा?” — पुलिस कार्रवाई के बाद फिर नयापारा में शुरू हुई शराब बिक्री, कानून के डर पर उठे बड़े सवाल
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने हाल ही में नयापारा क्षेत्र में आरोपी लक्ष्मी नारायण यादव उर्फ गोलू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 13 पाव देसी मसाला शराब जब्त कर गिरफ्तारी की थी। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई की प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की थी, लेकिन अब कार्रवाई के महज कुछ दिनों बाद ही अवैध शराब कारोबार दोबारा शुरू होने के आरोपों ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी ने अपने किराना दुकान से फिर से खुलेआम शराब बेचना शुरू कर दिया है। क्षेत्रवासियों के अनुसार शाम होते ही दुकान में संदिग्ध गतिविधियां बढ़ने लगीं और महिलाओं व बच्चों की मौजूदगी के बीच कथित रूप से शराब बिक्री जारी रही। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस कार्रवाई की गंभीरता और प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आरोपी कार्रवाई के कुछ दिनों बाद फिर उसी अवैध कारोबार में सक्रिय हो जाए, तो इससे कानून का भय समाप्त होता दिखाई देता है। नयापारा के नागरिकों ने मांग की है कि केवल औपचारिक जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित रहने के बजाय लगातार निगरानी, कड़ी वैधानिक कार्रवाई और नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि अवैध शराब कारोबार पर स्थायी रोक लग सके। स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में खुलेआम शराब बिक्री से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है और बच्चों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से दोबारा जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्र में अब एक ही सवाल गूंज रहा है —
“जब कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही फिर शराब बिकने लगे, तो आखिर कानून का डर किसे है?”












