बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 10 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 किलो 539 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में करीब 2 लाख 8 हजार रुपये का गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया। मुखबिर से सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भूषण एक्का एवं विनय कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बेरला तिराहा कोबिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान बिना नंबर की बाइक में गांजा लेकर आ रहे दो युवकों को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी नितेश पटेल और भोला ठाकुर उर्फ छोटे भाई ठाकुर निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश) के कब्जे से 05 पैकेट में भरा गांजा, बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में यातायात प्रभारी प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सोनल ग्वाला सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।












