“मंदिर के बाजू में ‘ऑनलाइन’ अवैध शराब कारोबार! दीवार पर चिपका QR कोड, कार्रवाई के बाद भी नयापारा में धड़ल्ले से बिक रही दारू”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। शहर में अवैध शराब कारोबार अब खुलेआम और हाईटेक तरीके से संचालित होने लगा है। जिला चिकित्सालय के सामने स्थित देवांगन समाज के परमेश्वरी माता मंदिर के ठीक बगल में महिलाओं द्वारा खुलेआम शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि शराब बिक्री के लिए दीवार पर बाकायदा QR/बारकोड चिपकाया गया है, जिससे ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट कर आसानी से शराब खरीद सकें। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर जैसे धार्मिक स्थल के पास इस तरह खुलेआम शराब बिक्री होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। वहीं नयापारा वार्ड क्रमांक 15 में किराना दुकान की आड़ में भी अवैध शराब बिक्री का खेल लगातार जारी है। गौरतलब है कि हाल ही में बेमेतरा पुलिस ने इसी क्षेत्र में गोलू नामक व्यक्ति को 13 पाव देसी मसाला शराब के साथ गिरफ्तार किया था, लेकिन कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही फिर से खुलेआम शराब बिक्री शुरू हो जाने से पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।मामले में जानकारी लेने के लिए पत्रकारों ने जिला आबकारी अधिकारी पलक नंद को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव करना तक उचित नहीं समझा। वहीं आबकारी निरीक्षक वीणा भंडारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने भी कॉल का जवाब नहीं दिया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि आबकारी विभाग की निष्क्रियता और ढीले रवैये के कारण अवैध शराब कारोबारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर धार्मिक स्थलों और रिहायशी इलाकों में चल रहे इस अवैध कारोबार पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।












