लालगंज आझारा में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च
संवाददाता सदानंद द्विवेदी
लालगंज में बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
सीओ आशुतोष मिश्रा एवं प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के नेतृत्व में इंदिरा चौक से ईदगाह तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान खानापट्टी स्थित सामूहिक कुर्बानी स्थल का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है।
प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पुलिस की पैदल गश्त जारी है। प्रशासन द्वारा आमजन से शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की गई है।
इस मौके पर सीओ आशुतोष मिश्रा ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।












