बकरीद पर प्रशासन रहा मुस्तैद, डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय नजर आया। पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने विभिन्न नमाज स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने नगला पोता स्थित ईदगाह, मारहरा, मिरहची सहित अन्य प्रमुख नमाज स्थलों पर पहुंचकर मौके की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति को परखा गया। संबंधित विभागों द्वारा नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, चुना छिड़काव एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित कराया गया था। वहीं, नगर पालिका परिषद और प्रशासनिक टीमों ने पर्व को लेकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखा। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए। अधिकारियों ने नमाजियों से संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील भी की। प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद भर में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में अता की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल, आकाश लवानिया, एलआईयू निरीक्षक अजय त्रिपाठी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।












