प्रतापगढ़ में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 17 पीड़ितों को लौटाए ₹7.48 लाख।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपदीय साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से 17 अलग-अलग शिकायतों में कुल ₹7,48,536.12 की ठगी गई धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई। यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के माध्यम से साइबर ठगों द्वारा हड़पी गई रकम की रिकवरी होने पर पीड़ितों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते शिकायत दर्ज कराने और तकनीकी जांच के जरिए यह सफलता मिली है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहें।
साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ त्वरित कार्रवाई भी कर रही है।












