आदर्श पुलिस चौकी मझिलगाँव का उद्घाटन, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने किया लोकार्पण
संवाददाता अमित पांडेय: कुण्डा, प्रतापगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आदर्श पुलिस चौकी मझिलगाँव (शेखपुर आशिक), कोतवाली कुण्डा का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद फीता काटकर नई चौकी का लोकार्पण किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्राधिकारी कुण्डा अमरनाथ गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने चौकी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कुण्डा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने नई आदर्श पुलिस चौकी के उद्घाटन पर खुशी जताते हुए पुलिस प्रशासन को शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस जनसुरक्षा, सुशासन और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई चौकी के संचालन से क्षेत्र में पुलिस सेवाएं और अधिक सुलभ एवं प्रभावी होने की उम्मीद है।












