टेलीग्राम चैनल के जरिए CSEAM सामग्री बेचने वाला युवक गिरफ्तार, कुण्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुण्डा, प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध एवं बाल संरक्षण से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम चैनल के माध्यम से चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज सामग्री (CSEAM) के अवैध प्रसार और बिक्री में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद की गई जांच में आरोपी की पहचान आदर्श यादव निवासी खीचर का पुरवा भदरी, थाना कुण्डा के रूप में हुई। तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल जांच के आधार पर थाना कुण्डा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट की धारा 67(B) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 14/15 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में उपयोग किए गए डिजिटल उपकरणों को भी कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बच्चों से जुड़े अपराधों, साइबर अपराधों तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें साउथ मलाका चौहरे हत्याकांड का खाकी ने किया खुलासा












