मथुरा में खूनी इश्क का खौफनाक अंत: पत्नी के सिर में मारी गोली, फिर खुद भी उड़ा लिया सिर
संवाददाता जय भगवान मथुरा
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र की सूर्यलोक कॉलोनी गुरुवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठी। प्रेम विवाह के पांच साल बाद रिश्ते में आई दरार ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि पति ने पहले पत्नी के सिर में गोली मार दी और फिर खुद भी कनपटी पर तमंचा सटाकर ट्रिगर दबा दिया। कुछ ही पलों में दो जिंदगियां खत्म हो गईं और कॉलोनी में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के दतिया जिले के कंधारी गांव निवासी पोखन (23) ने पांच वर्ष पूर्व झांसी निवासी मिथुन (27) से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और वे अलग-अलग रहने लगे। पोखन गोंडा में स्पा सेंटर में काम कर रही थी, जबकि मिथुन झांसी में रहता था। करीब आठ दिन पहले पोखन अपनी सहेली रागिनी के पास मथुरा आ गई और सूर्यलोक कॉलोनी में रहकर ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी। बताया जाता है कि मिथुन उसकी तलाश करते हुए मथुरा पहुंच गया।
गुरुवार रात बना मौत का मंजर
ब्यूटी पार्लर से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। काफी देर तक कहासुनी चलती रही। सहेली रागिनी ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। रात करीब 9 बजे अचानक मिथुन ने तमंचा निकाल लिया और पोखन के सिर में गोली दाग दी। पत्नी के जमीन पर गिरते ही उसने खुद की कनपटी पर भी गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो कमरे में दोनों खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
दो गोलियां, दो मौतें और कमरे में पसरा सन्नाटा
घटनास्थल से पुलिस को तमंचा, एक खोखा हथियार के भीतर और दूसरा खोखा कमरे में पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत
जिस रिश्ते की शुरुआत प्रेम से हुई थी, उसका अंत खून-खराबे और दो मौतों के साथ हुआ। सूर्यलोक कॉलोनी में हुई इस वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।












