केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों की बैठक
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
जनपद मथुरा के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। यह बैठक वृन्दावन स्थित गीता शोध संस्थान में आयोजित की गई। बैठक में 5 जून 2026 से 21 जून 2026 तक चलने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने गीता शोध संस्थान परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों से आमजन को अवगत कराना तथा देश, प्रदेश और जनपद के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मथुरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को जनपद मथुरा में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जनपद में लगभग 6 लाख 17 हजार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मथुरा के वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वी.एस. पटेल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से जनपदभर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनपद के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने भी वृक्षारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। जनपद में चलाया जा रहा यह अभियान हरित मथुरा के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक पूरन प्रकाश (बल्देव), विधायक मेघश्याम सिंह (गोवर्धन), विधायक राजेश चौधरी (मांट), एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












