पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़ में आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी प्रतापगढ़ बृजनन्दन राय एवं सी.आर.ओ. प्रतापगढ़ ने थाना अंतू क्षेत्र स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा पार्किंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और समन्वय के साथ परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया।
प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया












