साहू समाज में बड़ा बवाल! प्रदेश साहू संघ का कड़ा फरमान, समानांतर संगठन को मान्यता नहीं
जिला साहू संघ बेमेतरा को प्रदेश संगठन का स्पष्ट निर्देश, समानांतर संगठन से दूरी बनाने की चेतावनी नवीन पंजीयन कर गठित संगठन पर प्रदेश साहू संघ का बड़ा निर्णय, कहा – अधिकृत संरचना का हिस्सा नहीं
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने जिला साहू संघ बेमेतरा के नाम जारी एक महत्वपूर्ण पत्र में स्पष्ट कर दिया है कि नवीन पंजीयन क्रमांक 122202651838 के तहत गठित समानांतर संगठन का प्रदेश साहू संघ से कोई संबंध नहीं है। प्रदेश संगठन ने इसे अपनी अधिकृत संगठनात्मक संरचना के बाहर बताया है तथा समाजजनों को ऐसे संगठन में पद या सदस्यता ग्रहण न करने की चेतावनी दी है। प्रदेश साहू संघ के महामंत्री उदय प्रसाद साहू द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2012 से संचालित जिला साहू संघ बेमेतरा ही प्रदेश साहू संघ (पंजीयन क्रमांक 33/61) की अधिकृत इकाई है, जिसके वर्तमान अध्यक्ष नारद साहू हैं। प्रदेश संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि दिसंबर 2025 में हुए निर्वाचन एवं कार्यकारिणी विस्तार के बाद वर्तमान जिला इकाई वैध रूप से कार्यरत है।
अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
प्रदेश साहू संघ ने अपने निर्देश में कहा है कि यदि कोई पदाधिकारी या सदस्य समानांतर संगठन की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो इसे समाज एवं संगठन के हितों के प्रतिकूल माना जाएगा तथा नियमावली के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। यहां तक कि संबंधित व्यक्तियों की प्राथमिक एवं आजीवन सदस्यता समाप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा सकती है।
दस्तावेज सौंपने के निर्देश, अन्यथा कानूनी कार्रवाई संभव
पत्र में पूर्व पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संगठन से संबंधित आय-व्यय, अभिलेख, संपत्ति एवं अन्य दस्तावेज तत्काल वर्तमान अधिकृत अध्यक्ष को उपलब्ध कराएं। ऐसा नहीं करने की स्थिति में संबंधित थाना एवं सक्षम प्राधिकारी के समक्ष वैधानिक कार्रवाई हेतु आवेदन प्रस्तुत किए जाने की बात भी कही गई है।
साहू समाज की राजनीति में नई हलचल
प्रदेश स्तर से जारी इस निर्देश ने बेमेतरा जिले के साहू समाज में नई चर्चा और हलचल पैदा कर दी है। समानांतर संगठन के गठन को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रदेश संगठन का यह पत्र आने वाले दिनों में संगठनात्मक समीकरणों पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है।प्रदेश साहू संघ ने समानांतर संगठन को मान्यता देने से किया इनकार। जिला साहू संघ बेमेतरा को अधिकृत इकाई घोषित किया।समानांतर संगठन में शामिल होने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी। अभिलेख और संपत्ति तत्काल हस्तांतरित करने के निर्देश। आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई की भी दी गई चेतावनी।
“एक समाज – एक संगठन” के संदेश के साथ प्रदेश साहू संघ का बड़ा हस्तक्षेप, बेमेतरा में संगठनात्मक विवाद ने पकड़ा तूल।












