किसान यूनियन की पहल और एसडीएम की तत्परता से बदली तस्वीर

किसान यूनियन की पहल और एसडीएम की तत्परता से बदली तस्वीर, जलेसर बाईपास पर शुरू हुआ सड़क सुधार अभियान

जिला संवादाता काव्यांश रावत  जलेसर (एटा), 7 जून। जलेसर बाईपास की जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है। लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण राहगीरों, किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब भारतीय किसान यूनियन (भानू) के संघर्ष, मीडिया की सक्रियता और प्रशासन की संवेदनशीलता के चलते समस्या के समाधान की शुरुआत हो गई है।

अवागढ़-आगरा-जलेसर-एटा मार्ग (एनएच-321जी) के जलेसर खंड पर बने गहरे गड्ढे और जलभराव क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। बरसात के दिनों में हालात और भी विकट हो जाते थे तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती थी।

इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिला अध्यक्ष ठाकुर पंकज सिंह के नेतृत्व में किसानों ने लगातार आवाज उठाई और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वहीं स्वराज सवेरा मीडिया ने भी जनहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित कर जिम्मेदार विभागों का ध्यान आकर्षित किया।

उप जिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-321जी (एटा-इटावा खंड) के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह शाह को आवश्यक निर्देश जारी किए। निर्देश मिलते ही विभागीय टीम सक्रिय हुई और रविवार को जेसीबी मशीनों तथा श्रमिकों के साथ सड़क मरम्मत एवं गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में भी मार्ग के कई हिस्सों में तत्काल मरम्मत की आवश्यकता स्वीकार की गई थी। मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों में राहत की भावना है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जाता है और प्रशासन संवेदनशीलता दिखाता है, तो समाधान भी धरातल पर दिखाई देता है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद जलेसर बाईपास पर आवागमन सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा

ये भी पढ़ें श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सीआरपीएफ कमांडेंट ने लिया पूज्य महाराज का आशीर्वाद

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें