अंजना फाउंडेशन ने 50 क्षय रोगियों को वितरित की पोषण सामग्री
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला जनसहयोग, निक्षय मित्र बनने की अपील
मथुरा, संवाददाता।प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद मथुरा में संचालित 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान को जनसहभागिता का निरंतर सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में अंजना फाउंडेशन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जिला क्षय रोग केंद्र, मथुरा पर 50 क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान मरीजों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित उपचार और बेहतर पोषण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंजना फाउंडेशन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दीपक चतुर्वेदी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। टीबी मरीजों को समय पर दवा और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनका मनोबल बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से आगे आकर निक्षय मित्र बनने और अधिक से अधिक क्षय रोगियों को गोद लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। जब समाज और सरकार मिलकर कार्य करेंगे तभी टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी जरूरतमंद क्षय रोगियों को पोषण सहायता एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराती रहेगी, जिससे मरीज उपचार पूरा कर स्वस्थ जीवन की ओर लौट सकें।
संस्था की ओर से क्षय रोगियों से अपील की गई कि वे समय पर दवा का सेवन करें, चिकित्सकों की सलाह का पालन करें तथा पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उचित पोषण, नियमित दवा और सकारात्मक सोच के माध्यम से टीबी को पूरी तरह हराया जा सकता है। मरीजों से कहा गया कि वे स्वस्थ होकर राष्ट्र के विकास एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव ने संस्था द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 100 दिवसीय अभियान के दौरान टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, जांच एवं उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मरीजों को उपचार पूरा करने में मदद मिलती है तथा उनके स्वास्थ्य लाभ की गति बढ़ती है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही टीबी मुक्त मथुरा एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूदेव उपस्थित रहे। अंजना फाउंडेशन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पंकज चतुर्वेदी, नितिन, राधा एवं नीरज ने सहभागिता की। वहीं जिला क्षय रोग केंद्र मथुरा से शिव कुमार, अखिलेश दीक्षित, बिहारी लाल, योगेश दिवाकर, मयंक, नेहा, कविता एवं निश्चल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, संदिग्ध रोगियों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करने तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें सुरक्षा की ओर एक कदम, ट्रेन में यात्रा कर रही महिलाओं की हमसफर बन रही ‘मेरी सहेली’












