सक्षम आंगनबाड़ी योजना के कार्यों पर उठे सवाल, जांच की मांग

सक्षम आंगनबाड़ी योजना के कार्यों पर उठे सवाल, जांच की मांग

जिला संवाददाता, ताम्रध्वज साहू बेमेतरा। महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी सक्षम आंगनबाड़ी उन्नयन योजना के तहत स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में एलईडी टीवी, आरओ वाटर फिल्टर, वॉल पेंटिंग तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाओं के लिए लगभग 61 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।

जानकारी के अनुसार बेमेतरा परियोजना के अंतर्गत कुल 20 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें से शहरी क्षेत्र की कुछ आंगनबाड़ियों के संबंध में जानकारी लेने पर यह सामने आया कि कुछ केंद्रों में निर्धारित कार्य पूर्ण दिखाई दिए, जबकि कई स्थानों पर केवल एलईडी टीवी और पानी की टंकी स्थापित होने की बात सामने आई। वहीं वॉल पेंटिंग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य अधिकांश केंद्रों में नजर नहीं आए।

इस स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि जब शासन द्वारा सभी कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई थी, तो फिर कई केंद्रों में सभी सुविधाएं उपलब्ध क्यों नहीं हैं। इससे योजना के तहत स्वीकृत राशि के उपयोग को लेकर संदेह की स्थिति बन रही है।

मामले में विभाग का पक्ष जानने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। कार्यालय में जानकारी लेने पर कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि वे किसी बैठक अथवा अन्य शासकीय कार्य में व्यस्त हैं।

गौरतलब है कि सक्षम आंगनबाड़ी योजना का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि कहीं कार्य अधूरे पाए जाते हैं तो इसकी जांच आवश्यक मानी जा रही है। बताया जाता है कि बेमेतरा परियोजना के अलावा जिले की अन्य परियोजनाओं में भी सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन की व्यापक जांच होने पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि शिकायतों और आशंकाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो योजना के कार्यों और राशि व्यय की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी। अब देखना होगा कि समाचार प्रकाशन के बाद विभाग की ओर से क्या स्पष्टीकरण आता है तथा प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अथवा संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें यमुना और ड्रेन प्रदूषण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, उपायुक्त ने किया मैराथन निरीक्षण

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें