एटा में उर्वरक विक्रेताओं की सघन जांच, कई दुकानों के लाइसेंस निलंबित
संवाददाता – पुष्पेंद्र कुमार
शासन के निर्देश व जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के आदेश पर जनपद एटा की सभी तहसीलों में बुधवार को उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई दुकानों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर लाइसेंस निलंबन व नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
जलेसर तहसील में जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह व नायब तहसीलदार शास्वत अग्रवाल की टीम ने अटल बीज भंडार से बीज व डीएपी के नमूने लिए और अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया। पचौरी बीज भंडार व आलम बीज भंडार से नमूने लेकर अभिलेखों की कमी पर नोटिस जारी किया गया। एसजीसी ट्रेडर्स, इसौली चौराहा बंद मिला, जिसका लाइसेंस निलंबित किया गया। सकरौली क्षेत्र में बंद मिली छह दुकानों को नोटिस जारी किए गए। श्री बांके बिहारी खाद बीज भंडार से नमूने लेकर लाइसेंस निलंबित किया गया। कोसमा में बंद मिले कैलाश खाद बीज भंडार को नोटिस भेजा गया।
सदर तहसील में उप कृषि निदेशक सुमित कुमार और तहसीलदार नीरज कुमार वाष्णेय की टीम ने एटा फर्टिलाइजर और जैन ट्रेडर्स के गोदामों का निरीक्षण किया। एटा फर्टिलाइजर में अभिलेख अव्यवस्थित पाए गए, जबकि जैन ट्रेडर्स से दो नमूने लिए गए। राजपूत खाद बीज भंडार, कासगंज रोड से पोटाश का नमूना लिया गया। निधौली और आगरा रोड की दुकानों की भी जांच हुई।
सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि अभिलेख पूर्ण रखें, रेट सूची प्रदर्शित करें और किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक बेचें। उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज व लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें ???? ????












