“हरित भविष्य की ओर साहू समाज का संकल्प”
जिला साहू संघ बेमेतरा ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 15 जून तक चलेगा महाअभियान
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आह्वान पर जिला साहू संघ बेमेतरा द्वारा 7 जून से 15 जून 2026 तक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। इसी कड़ी में 10 जून को जिला साहू संघ बेमेतरा के जिला अध्यक्ष नारद साहू (अधिवक्ता) के नेतृत्व में दुर्ग रोड स्थित साहू भवन परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नारद साहू ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वृक्षों से हमें ऑक्सीजन, शीतल छाया, फल, फूल तथा अनेक प्रकार की औषधियां प्राप्त होती हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। जारी अपील में जिले के सभी तहसील साहू संघ, परिक्षेत्रीय साहू संघ एवं ग्रामीण साहू संघों के पदाधिकारियों तथा समाजजनों से अपने-अपने गांव, शहर एवं वार्डों में उपयुक्त स्थानों पर स्वयं एवं अपने परिवार के नाम से पौधे लगाने का आग्रह किया गया है। जिला साहू संघ बेमेतरा ने समाज के सभी सदस्यों से इस महावृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर अभियान को सफल बनाने की अपील की है। समाज का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और जनजागरूकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।
“एक पेड़ – एक जीवन” के संदेश के साथ साहू समाज का यह हरित अभियान जिले में पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।












