पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, गंभीर घायलः- दोनों का हुआ था प्रेम विवाह,दोनों रह रहे थे अलग…

पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, गंभीर घायलः- दोनों का हुआ था प्रेम विवाह,दोनों रह रहे थे अलग…

संवाददाता: पंकज मिश्रा

मैनपुरी में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
यह घटना मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरिया मोहल्ले की है। यहां रहने वाले अरविंद उर्फ गुड्डू का अपनी पत्नी मोना से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था,लेकिन पारिवारिक कलह के कारण उनके रिश्तों में खटास आ गई थी।बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक महीने से मोना अपने मायके में रह रही थी। किसी काम से वह अपने ससुराल आई हुई थी, तभी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी।आरोप है कि इसी दौरान मोना खुद को बचाने के लिए घर से बाहर भागी, लेकिन पीछे से अरविंद हाथ में चाकू लेकर आया और उसने पत्नी के पेट पर हमला कर दिया। चाकू लगने से मोना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, वारदात के बाद आरोपी अरविंद ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए और जांच की। सीओ रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था और महिला पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें