सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर एटा में प्रेस वार्ता, प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने गिनाईं विकास और सुशासन की उपलब्धियां
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।



एटा। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (ऊर्जा विभाग) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत की उपस्थिति में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन और सेवा की भावना के साथ करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक राजमार्गों, रेलवे के आधुनिकीकरण और नए हवाई अड्डों के निर्माण से देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। वहीं डिजिटल लेन-देन और तकनीकी नवाचार के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी शक्ति को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की स्थिति पहले से अधिक मजबूत हुई है। प्रभारी मंत्री ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों का महत्वपूर्ण योगदान है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, पीयूष शाक्य सहित भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, सूचना विभाग के प्रतिनिधि तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।












