अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत एटा में योग जागरूकता अभियान तेज, विभिन्न संस्थानों में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।


एटा, 16 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद एटा में योग जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है, जिसके माध्यम से लोगों को योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमित गुप्ता के निर्देशन में पुलिस लाइन एटा में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक चारू राठौर, कुमारी साक्षी और सौरभ ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। आदर्श इंटर कॉलेज, जलेसर में योग प्रशिक्षक अनिल कुमार ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को योगाभ्यास कराते हुए बताया कि योग मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, सी.एस. आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक चारू राठौर ने विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रमों के दौरान लोगों को तनावमुक्त जीवन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने जनपदवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।












