“मुख्य मार्ग के किनारे धड़ल्ले से चल रहा ईंट भट्ठा! पंचायत प्रस्ताव नहीं होने का आरोप, कार्रवाई पर उठे बड़े सवाल”
“एसडीएम से संपर्क का प्रयास, फोन नहीं उठने से नहीं मिल सका प्रशासन का पक्ष; ग्रामीणों ने मांगी निष्पक्ष जांच”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा/बेरला। ग्राम पंचायत बारगांव में मुख्य मार्ग के अगल-बगल संचालित हो रहे ईंट भट्ठे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त ईंट भट्ठा ग्राम पंचायत के विधिवत प्रस्ताव के बिना संचालित किया जा रहा है, जिससे पंचायत की भूमिका और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे संचालित हो रहे इस ईंट भट्ठे की जानकारी क्षेत्र के लोगों और अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। आरोप है कि यदि पंचायत प्रस्ताव एवं आवश्यक अनुमतियां उपलब्ध नहीं हैं, तो यह मामला नियमों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग के आसपास ईंट भट्ठे के संचालन से धूल, धुआं और यातायात संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल जांच कर यह स्पष्ट करे कि भट्ठा संचालन के लिए पंचायत प्रस्ताव, राजस्व अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं। मामले में प्रशासन का पक्ष जानने के लिए पत्रकार द्वारा बेरला एसडीएम दीप्ति वर्मा से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक फोन रिसीव नहीं किया गया। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब सवाल यह है कि मुख्य मार्ग के किनारे संचालित इस ईंट भट्ठे के पास सभी आवश्यक अनुमतियां हैं या नहीं? और यदि नहीं हैं, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इन सवालों के जवाब प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।












