“स्वच्छता अभियान के दावों की खुली पोल: वार्ड 15 नयापारा में आंगनबाड़ी के बगल कचरे का अंबार”
आंगनबाड़ी केंद्र के पास फैली गंदगी से स्वास्थ्य पर खतरा, स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत आई सामने”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। नगर पालिका द्वारा “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान चलाकर स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाने का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन वार्ड क्रमांक 15 नयापारा की जमीनी तस्वीरें इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। वार्ड में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप की गली भारी मात्रा में कचरे और गंदगी से पटी हुई दिखाई दे रही है। गली में प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट एवं अन्य कचरा लंबे समय से जमा होने के कारण वहां दुर्गंध फैल रही है। आंगनबाड़ी के आसपास इस प्रकार की स्थिति छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन गई है। गंदगी के कारण मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ स्वच्छता अभियान के नाम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वार्ड 15 की यह तस्वीर वास्तविक हालात को उजागर कर रही है। लोगों का सवाल है कि जब बच्चों के केंद्र आंगनबाड़ी के आसपास ही सफाई व्यवस्था बदहाल है तो स्वच्छता अभियान की सफलता के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं। नगरवासियों ने मांग की है कि संबंधित स्थल से तत्काल कचरा हटाया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। लोगों का कहना है कि स्वच्छता केवल नारों और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव नगर की गलियों और मोहल्लों में भी दिखाई देना चाहिए। वार्ड 15 नयापारा की यह तस्वीर प्रशासन और नगर पालिका के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ रही है—क्या स्वच्छता अभियान केवल कागजों और मंचों तक सीमित है, या फिर गंदगी से जूझ रहे मोहल्लों तक भी इसकी पहुंच बनेगी?












