गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
छत्तीसगढ़ से घर लौट रहे थे दोनों युवक, संग्रामगढ़ पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
संग्रामगढ़, प्रतापगढ़। थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी संग्रामगढ़ भेजा, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से लखीमपुर-खीरी लौट रहे कुछ युवक चार बाइकों से सफर कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक आगे निकल गई, जबकि पीछे चल रही दूसरी बाइक के चालक को अचानक नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा से लगभग 100 मीटर आगे हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में अब्दुल्ला खान उर्फ कल्लू खान (26 वर्ष) निवासी पड़रिया कला, पोस्ट महेवागंज, जनपद लखीमपुर-खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार रियाजुद्दीन अंसारी (28 वर्ष) पुत्र मोहम्मद इश्क अंसारी भी घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची संग्रामगढ़ पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अब्दुल्ला खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं रियाजुद्दीन अंसारी का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक छत्तीसगढ़ में चारपाई बनाने का काम करते थे और काम खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












