महिला से चैन लूटने वाले शातिर स्नैचर गिरफ्तार, 9 दिन में एटा पुलिस ने किया खुलासा
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। शहर के अरुणानगर क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चैन छीनकर फरार हुए शातिर स्नैचरों को पुलिस ने महज नौ दिन के भीतर गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों समेत एक बाल अपचारी को पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीशवाबू वर्मा निवासी महाराणा प्रताप नगर, थाना कोतवाली नगर तथा रोविन जैन निवासी गंगानगर, थाना कोतवाली नगर के रूप में की है। मामले में शामिल एक बाल अपचारी के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चैन, 4,250 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गौरतलब है कि अरुणानगर क्षेत्र में महिला से दिनदहाड़े हुई चैन स्नैचिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।












