प्रतापगढ़: अवैध वाटर पार्क संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मासूम सान्या की डूबने से हुई थी मौत
संवाददाता: दैनिक चक्र न्यूज
प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलुवामई गांव स्थित कथित अवैध रूप से संचालित वाटर पार्क में एक मासूम बच्ची की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम वाटर पार्क में नहाने के दौरान मासूम सान्या की डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतका के पिता सुशील केसरवानी की तहरीर के आधार पर मानिकपुर पुलिस ने वाटर पार्क संचालक पियूष शुक्ला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिना मानकों के संचालन का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त वाटर पार्क बिना आवश्यक मानकों और सुरक्षा इंतजामों के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि पार्क में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती दिखाई होती, तो संभवतः इस प्रकार की दुखद घटना को रोका जा सकता था।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें Prayagraj: नवाबगंज में बड़ी वारदात: 50 लाख के गहने, नगदी और लाइसेंसी बंदूक चोरी












