नवाबगंज में एक ही रात तीन घरों में बड़ी चोरी, लाखों की नगदी व 40-50 लाख के जेवरात पार, लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक भी ले गए बदमाश
संवाददाता: दैनिक चक्र न्यूज
नवाबगंज। जनपद प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नेम तिवारी का पूरा गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश लाखों रुपये की नगदी, करीब 40 से 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात तथा एक लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक लेकर फरार हो गए।
देर रात 1 बजे दिया वारदात को अंजाम
पीड़ितों के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे अज्ञात चोर गांव में पहुंचे और क्रमशः सुरेश तिवारी, करुणेश तिवारी तथा राहुल तिवारी के घरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर
पीड़ित करुणेश तिवारी ने बताया कि चोर उनके घर के आंगन की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और घर में रखे जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। वहीं राहुल तिवारी का मकान बंद होने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और घर में रखा सामान समेट ले गए।
सुरेश तिवारी के घर में भी चोरों ने हाथ साफ किया। हालांकि, बदमाशों के भागने के दौरान घर के लोग जाग गए और शोर मचाने लगे। इस दौरान चोर कथित रूप से चोरी की गई लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप
पीड़ित सुरेश तिवारी ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन नवाबगंज पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि गांव थाना मुख्यालय से महज चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद पुलिस के विलंब से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
सुरेश तिवारी ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो ग्रामीण थाने का घेराव करने को मजबूर होंगे।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
शाम को खेत के पास मिली बंदूक
ग्रामीणों के अनुसार, चोरी के बाद बुधवार शाम केवतन गांव के पास लल्लू तिवारी के बोरिंग पर रखे कपड़ों के ऊपर एक डबल बैरल बंदूक बरामद हुई। हालांकि, यह बंदूक वहां किसने रखी थी और कब रखी गई, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस बरामद बंदूक की जांच कर रही है तथा मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
नोट: चोरी गई संपत्ति और पुलिस के देर से पहुंचने संबंधी जानकारी पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
ये भी पढ़ें कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश












