निधौली कलां में खुलेआम बिक रही अवैध शराब, वायरल वीडियो ने खोली पुलिस की पोल
संवाददाता: योगेंद्र सिंह एटा। अंगूर की बेटी इन दिनों निधौली कलां में सिर चढ़कर बोल रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में जलेसर अड्डा क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब बिकती नजर आ रही है। घनी आबादी वाले इलाके में धड़ल्ले से चल रहे इस गैरकानूनी कारोबार ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन द्वारा अपराध व अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन वायरल फुटेज जमीनी हकीकत को उजागर कर रहा है। क्षेत्रीय पुलिस की अनदेखी या लापरवाही की वजह से शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और कानून व्यवस्था तार-तार होती नजर आ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि या तो विभागीय लापरवाही है या फिर अवैध कारोबारियों से सांठगांठ। अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो के बाद भी प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें एटा: जलन डिग्री कॉलेज के सामने अज्ञात बाइक सवार ने छात्रा को मारी टक्कर, हालत गंभीर












