सहारनपुर थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हलगोया कट पर भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, तीन घायल
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

सहारनपुर। थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हलगोया कट के निकट शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी एक परिवार कार से हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सात लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान दो पुरुष एवं दो महिलाओं सहित कुल चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक एवं पुलिस सहायता का आश्वासन भी दिया।थाना रामपुर मनिहारान पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।












