कोटवारों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, जिला बेमेतरा द्वारा कोटवारों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कोटवारों को नियमित कर्मचारी का दर्जा देने, उचित वेतनमान लागू करने एवं राजस्व विभाग में संविलियन किए जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है।
एसोसिएशन ने बताया कि कोटवार लंबे समय से शासन-प्रशासन एवं आम जनता के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक नियमित कर्मचारी का दर्जा और सम्मानजनक पारिश्रमिक नहीं मिल पाया है। संगठन ने कहा कि कम मानदेय के कारण कई कोटवार परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहे हैं।
ज्ञापन में 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कोटवारों को नियमित करने, सभी कोटवारों का राजस्व विभाग में संविलियन करने तथा श्रेणीवार वेतनमान बढ़ाने की मांग की गई। साथ ही कोटवारों को अनावश्यक ड्यूटी में लगाने, बेगार कराए जाने तथा मूल कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य सौंपे जाने पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
संगठन ने यह भी मांग की कि कोटवारों के विरुद्ध किसी भी शिकायत पर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई की जाए। कोटवार परिवार के सदस्यों को रोजगार के अवसर देने और नियम विरुद्ध नियुक्तियों पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।कोटवार एसोसिएशन ने शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक आदेश जारी करने की अपील की है।












