नगर पालिका पीआईसी बैठक में विकास कार्यों पर महत्वपूर्ण निर्णय
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। नगर पालिका परिषद की प्रेसीडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) की बैठक नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पिकरी मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए राज्य सरकार से 50 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई। इस राशि से मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर में बढ़ते ई-रिक्शा संचालन को देखते हुए चार स्थानों पर ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इससे ई-रिक्शा चालकों को सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।सिघोंरी स्थित नव निर्मित ऑडिटोरियम का नामकरण भारत रत्न पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने तथा उनकी प्रतिमा का अनावरण करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए डिफॉल्टर ठेकेदारों के कार्य निरस्त करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा बस स्टैंड गार्डन के कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया, जिससे यह स्थान नगरवासियों के लिए अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बन सकेगा। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि परिषद का उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। बैठक में उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति पंचू साहू, गौरव साहू, नीतू कोठारी, विकास तम्बोली, आकिब मालकानी, नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा, भोला पटेल, बिसरु राम साहू सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












