श्रावण मास को लेकर एटा पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने कांवड़ मार्गों का किया स्थलीय निरीक्षण
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।


एटा। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने शनिवार को जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने थाना मिरहची, कोतवाली देहात तथा कोतवाली नगर क्षेत्र के कांवड़ मार्गों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्गों पर लगाए जा रहे चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड, बैरिकेडिंग तथा यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।












