डीआईजी रामकृष्ण साहू ने थाना साजा एवं चौकी देवरबीजा का किया आकस्मिक निरीक्षण
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा, रामकृष्ण साहू ने मंगलवार देर शाम थाना साजा और पुलिस चौकी देवरबीजा का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, रात्रि गश्त, अपराध नियंत्रण और थाने की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी, अनुशासन तथा रजिस्टरों की स्थिति की जांच की गई।
डीआईजी ने साफ कहा कि अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की बुनियाद है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा फरियादियों को अनावश्यक भटकने से बचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, बीट व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीआईजी ने लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत, स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंटों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही समयबद्ध मामलों में 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश करने पर जोर दिया गया।
डीआईजी ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं और अन्य अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों, गुंडों तथा शराब पीकर हुल्लड़ और मारपीट करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।
उन्होंने रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सतत जांच को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बाजार, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा गोवंश तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीआईजी ने तलाशी और जब्ती कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे। नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।
कम्यूनिटी पुलिसिंग, मजबूत सूचना तंत्र, साइबर प्रहरी अभियान, त्रिनयन एप, सशक्त एप के माध्यम से वाहन चेकिंग और स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशील कार्रवाई तथा “ऑपरेशन मुस्कान” के प्रभावी संचालन पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंचल पांडेय, प्रधान आरक्षक शिवराज सिंह, फागेश्वर देशमुख, आरक्षक अर्जुन ध्रुवे, प्रमोद बंजारे, राजू यादव सहित थाना साजा एवं चौकी देवरबीजा का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
ये भी पढ़ें सकीट सर्किल की पुलिस का रिपोर्ट कार्ड जांचने पहुंचे एएसपी श्वेताभ पाण्डेय












