‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी ने लगातार मिल रही धमकियों को लेकर गृह मंत्रालय, आईबी और एनआईए को लिखा पत्र, जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग

‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी ने लगातार मिल रही धमकियों को लेकर गृह मंत्रालय, आईबी और एनआईए को लिखा पत्र, जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

सलमान खान के कॉल, व्हाट्सऐप, ई-मेल और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग, 4 जुलाई को मिले कथित धमकी भरे वॉइस नोट का भी किया उल्लेख

नोएडा :रिपोर्ट: रविंद्र आर्य
फ़िल्म “काला हिरण” के निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें पिछले लंबे समय से लगातार जान से मारने तथा आतंकी हमलों की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इस संबंध में गृह मंत्रालय (HMO), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को विस्तृत पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने, अपनी सुरक्षा का दायरा पूरे देश में बढ़ाने तथा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। अमित जानी का कहना है कि उनकी फ़िल्म “काला हिरण” को हटाने, रोकने और रिलीज़ नहीं होने देने के लिए उन्हें सैकड़ो धमकियां मिल चुकी हैं। उनके अनुसार, पहले भी कथित तौर पर डी कंपनी, शहज़ाद भट्टी, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के नाम से उन्हें कॉल और वॉइस रिकॉर्डिंग के माध्यम से धमकियां दी गई थीं, जिनके संबंध में उन्होंने संबंधित पुलिस थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं। अमित जानी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 4 जुलाई 2026 को उन्हें एक व्यक्ति का पाकिस्तान के फ़ोन न से वॉइस नोट प्राप्त हुआ, जिसने स्वयं को शहज़ाद भट्टी का भाई बताया। अमित जानी के अनुसार, उस संदेश में कथित रूप से उन्हें 24 घंटे के भीतर फिल्म उद्योग से अपना काम छोड़ने, अन्यथा उन्हें और उनके परिवार की हत्या कर देने की धमकी दी गई। उन्होंने दावा किया कि धमकी देने वालों ने यह भी कहा कि वे सुरक्षा बलों की मौजूदगी में भी हमला कर सकते हैं। अपने पत्र में अमित जानी ने कहा है कि वे पहले भी इन धमकियों की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दे चुके हैं। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली में उन्हें एक सीमा तक सुरक्षा उपलब्ध है, लेकिन राजस्थान और मुंबई जैसे अन्य राज्यों में जाना उनके लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें आशंका है कि उन पर गोली, बम या ड्रोन के माध्यम से हमला किया जा सकता है। इसी आधार पर उन्होंने केंद्र सरकार से अपनी सुरक्षा श्रेणी बढ़ाकर ऑल इंडिया सुरक्षा कवरेज देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नोएडा पुलिस से भी अनुरोध किया है कि उन्हें लगातार मिल रही धमकियों के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।अमित जानी ने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि उनका बेटा मुंबई में अकेला रहता है तथा उनका घर और कार्यालय भी वहीं है। वे मुंबई जाकर अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था मुंबई तक लागू नहीं होने के कारण ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि अब धमकी देने वाले उनके बजाय उनके परिवार को निशाना बनाकर उन पर फिल्म रोकने का दबाव बनाना चाहते हैं। अपने पत्र में अमित जानी ने अभिनेता सलमान खान के संबंध में भी कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने जांच एजेंसियों से सलमान खान के कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप, ई-मेल और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने तथा आवश्यक समझे जाने पर पूछताछ के लिए नोटिस जारी करने की मांग की है। अमित जानी का आरोप है कि उनकी फ़िल्म को रुकवाने में सलमान खान की रुचि है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें मिली एक कथित कॉल में शहज़ाद भट्टी ने कहा था कि यदि फ़िल्म नहीं रोकी गई तो ड्रोन और ग्रेनेड से हमला किया जाएगा। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस संबंध में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।इस बीच 8 जुलाई 2026 को अमित जानी ने रामपुर जनपद के कोतवाली थाना में भी एक लिखित तहरीर देकर नई धमकी की शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह लगभग 9 बजे वे रामपुर के होटल मोगा में जलपान के लिए रुके थे। इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से +91 9974921224 व्हाट्सऐप कॉल आई, जिसे उन्होंने नहीं उठाया। इसके लगभग 27 मिनट बाद उसी नंबर से एक ऑडियो संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कथित रूप से उन्हें धमकी दी गई। तहरीर के अनुसार, ऑडियो संदेश में कथित तौर पर कहा गया कि “अमित जानी, सुन ले। रोहित भाई ने लास्ट वार्निंग दी थी, तुम नहीं माने। अब चारों तरफ से घिर चुके हो। फ़िल्म रिलीज़ होने से पहले ही तेरे साथ बहुत बड़ा होगा।” अमित जानी ने अपनी शिकायत में लिखा है कि वे पहले से ही फ़िल्म “काला हिरण” के कारण गैंगस्टर रोहित गोदारा, आतंकी शहज़ाद भट्टी और उनके सहयोगियों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने की शिकायत जोधपुर, गाज़ियाबाद, नोएडा तथा दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर कर चुके हैं। उनका दावा है कि यह ताज़ा ऑडियो संदेश भी उसी सिलसिले का हिस्सा है। तहरीर में अमित जानी ने यह भी लिखा है कि धमकी देने वाला अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा का गुर्गा प्रतीत होता है, जिसके संबंध में उन्होंने जांच एजेंसियों से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि एफबीआई द्वारा रोहित गोदारा पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सार्वजनिक है, जिसके कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर और अधिक चिंता है। अमित जानी ने कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते भारत सरकार द्वारा उन्हें वाई प्लस (Y+) श्रेणी की सीआरपीएफ सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल और ऑडियो संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने पुलिस से उक्त मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने तथा उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।अमित जानी ने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में उनकी, उनके परिवार या “काला हिरण” परियोजना से जुड़े किसी भी व्यक्ति की हत्या होती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक कथित शहज़ाद भट्टी के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। उस मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। हालांकि, उस प्रकरण और अमित जानी द्वारा लगाए गए आरोपों अथवा उन्हें मिली कथित धमकियों के बीच किसी जांच एजेंसी ने अब तक सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक संबंध स्थापित नहीं किया है।

अमित जानी ने अपने पत्र के अंत में केंद्र सरकार से अपील की है कि उनकी सुरक्षा संबंधी मांगों और लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।

और पढ़ें

पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्धनगर,एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार व एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार द्वारा थाना दादरी क्षेत्रांतर्गत फुट पेट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्धनगर,एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार व एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार द्वारा थाना दादरी क्षेत्रांतर्गत फुट पेट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया