एटा एसोसिएशन ऑफ द डेफ का प्रथम वार्षिक समारोह संपन्न, दिव्यांगजनों के सम्मान और सशक्तीकरण पर दिया गया जोर
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। शांति नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में रविवार को एटा एसोसिएशन ऑफ द डेफ का प्रथम वार्षिक समारोह एवं स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में दिव्यांगजनों के सम्मान, सामाजिक समावेशन, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मूक-बधिर समाज के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शारदा कृपा सेवा संस्थान की अध्यक्ष राजकुमारी सीमा वार्ष्णेय ने केक काटकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी की सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और समान अवसर के अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति यदि दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने का अवसर दे तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि अगले वर्ष संस्था का वार्षिक समारोह और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगी।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए हरिओम गुप्ता, नितिन गुप्ता और अनुराग कुमार को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित सभी दिव्यांग भाई-बहनों का माल्यार्पण एवं सम्मान पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि को राधा-कृष्ण की आकर्षक चित्रकला भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष हरिओम गुप्ता की अध्यक्षता में नितिन गुप्ता को सर्वसम्मति से संस्था का नया चेयरमैन चुना गया। बैठक में मूक-बधिर समाज की एकजुटता, शिक्षा, रोजगार, जागरूकता, सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह में अध्यक्ष हरिओम गुप्ता, नवनिर्वाचित चेयरमैन नितिन गुप्ता, उपाध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव अनुराग कुमार, संयुक्त सचिव रतन कुमार, महिला सचिव वीटा देवी, सदस्य आशीष द्विवेदी सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन तथा सांकेतिक भाषा के माध्यम से प्रभावी संवाद स्थापित कराने में इंटरप्रेटर आरती शर्मा की विशेष भूमिका रही, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह का समापन सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य एवं समाज में दिव्यांगजनों के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ.
ये भी पढ़ें नम आंखों से दी गई ग्राम पंचायत अधिकारी नागेंद्र सरोज को अंतिम श्रद्धांजलि, बाबागंज ब्लॉक का कामकाज रहा ठप












