झंडा निशान यात्रा में बवाल, युवक पर लाठी-डंडों से हमला, सिर फटा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा (प्रतापगढ़), 13 जुलाई। सुप्रसिद्ध हवदेश्वरनाथ धाम में आयोजित झंडा निशान यात्रा के दौरान विवाद हो गया। मारपीट की इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ हथिगवां थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मानिकपुर क्षेत्र के जाखामई गांव निवासी अभिषेक कुमार पुत्र रामनरेश सरोज झंडा निशान कार्यक्रम में शामिल होने हवदेश्वरनाथ धाम पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान साहूमई निवासी राजू कुमार तथा उसके तीन अज्ञात साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बाल पकड़कर बेरहमी से मारपीट की, जिससे अभिषेक के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद घायल अभिषेक कुमार हथिगवां थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हथिगवां पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।












