अभ्युदय योजना के नवीन सत्र 2026–27 का अंबेडकर पुस्तकालय, सेक्टर-37 नोएडा स्थित अभ्युदय केंद्र पर शुभारंभ
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा


गौतमबुद्धनगर, 15 जुलाई, 2026 उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय, सेक्टर-37, नोएडा स्थित अभ्युदय केंद्र पर नवीन शैक्षिक सत्र 2026–27 हेतु ओरिएंटेशन क्लास का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय के संरक्षक गणेश जाटव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासित एवं समर्पित भाव से अध्ययन कर अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रेरित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अभ्युदय केंद्र में प्रवेश हेतु कुल 170 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से चयन प्रक्रिया के उपरांत 60 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में 42 चयनित छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए प्रथम दिवस की कक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञ उदय प्रताप सिंह द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रारंभिक शिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, अध्ययन पद्धति तथा नियमित अभ्यास के महत्व से अवगत कराया। अभ्युदय केंद्र पर नियमित कक्षाओं का संचालन सोमवार से प्रारंभ किया जाएगा गौतमबुद्धनगर।












