मिशन शक्ति अभियान की समीक्षा, ASP बृजनन्दन राय ने महिला सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय ने गुरुवार को सई कॉम्प्लेक्स में जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति प्रभारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जनजागरूकता अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।बैठक में एएसपी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एंटी रोमियो टीमों की सक्रियता बनाए रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त कर महिला सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिसिंग की जाए।बैठक में मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार, विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम, महिला बीट प्रणाली को और मजबूत बनाने तथा सभी गतिविधियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें एसपी दीपक भूकर ने होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के दिए निर्देश












