मतदेय स्थलों के संभाजन के अंतर्गत अंतिम सूची तैयार किए जाने हेतु जिलाधिकारी ने मा0 जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर


राजनीतिक दलों के सुझाव एवं आपत्तियों के निस्तारण उपरांत निर्धारित मतदेय स्थलों की दी जानकारी
गौतमबुद्धनगर 16 जुलाई, 2026 मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में पुनरीक्षण से पूर्व की जाने वाली गतिविधियों के अंतर्गत मतदेय स्थलों के संभाजन (1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर) की प्रक्रिया में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निस्तारण उपरांत आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं की सुविधा, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुगमता को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया संपन्न की गई है। इस दौरान राजनीतिक दलों एवं मा0 जनप्रतिनिधियों से पूर्व में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत निर्धारित मतदेय स्थलों की जानकारी सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वीकृत एवं अस्वीकृत प्रस्तावों के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अथवा जनप्रतिनिधि को किसी मतदेय स्थल के संबंध में कोई तथ्यात्मक संशोधन, विशेष परिस्थिति अथवा जनहित से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करना हो तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 17 जुलाई 2026 की शाम तक लिखित रूप में उपलब्ध करा सकता है, ताकि उसका परीक्षण कर आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रस्तावों पर असहमति अथवा आपत्ति दर्ज की गई है, उनका संबंधित लेखपाल एवं बीएलओ के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति पर आधारित विस्तृत आख्या तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे मतदेय स्थलों के अंतिम निर्धारण में किसी भी स्तर पर तथ्यात्मक त्रुटि या असुविधा की संभावना न रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हाईराइज सोसायटियों में भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नए मतदेय स्थलों की स्थापना की जाये, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को निकटतम एवं सुगम मतदान की सुविधा उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, मा0 सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, मा0 विधायक दादरी प्रतिनिधि दीपक यादव, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस पार्टी से नीरज लोहिया, बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, बहुजन समाज पार्टी प्रतिनिधि राजकुमार गुर्जर, सूरजपाल, सपा जिला प्रभारी अनूप तिवारी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी, आम आदमी पार्टी प्रतिनिधि दिलदार अंसारी तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गौतमबुद्धनगर।












