सोनम वांगचुक के समर्थन में कासगंज के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। जिला न्यायालय परिसर में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने समाजसेवी सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन के प्रति अपना समर्थन जताया और सरकार से जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि सोनम वांगचुक का अनशन लगातार 19वें दिन भी जारी है। उन्होंने केंद्र सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए सकारात्मक पहल करने और बातचीत के जरिए अनशन समाप्त कराने की अपील की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार को इस पूरे मामले में शीघ्र उचित निर्णय लेना चाहिए।












