कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज: सदर तहसील में अंतर्विभागीय बैठक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर फोकस
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर तहसील सभागार में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सकीट नीतीश गर्ग एवं एसडीएम सदर श्वेता सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कांवड़ मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर बिजली के तारों की मरम्मत, सड़कों के गड्ढे भरने, मार्गों को दुरुस्त करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सीओ नीतीश गर्ग और एसडीएम श्वेता सिंह ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता और सतर्कता के साथ सुनिश्चित करें।












