क्लस्टर प्रतियोगिता का आगाज़, मेजबान एटा ने जीत से किया शुभारंभ

क्लस्टर प्रतियोगिता का आगाज़, मेजबान एटा ने जीत से किया शुभारंभ

जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।

एटा। पुलिस लाइंस एटा में गुरुवार को आगरा जोन की 18वीं अंतर्जनपदीय वॉलीबॉल क्लस्टर (वॉलीबॉल एवं सेपकटकरा) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने फीता काटकर किया। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 23 से 25 जुलाई तक आयोजित होगी, जिसमें आगरा जोन के आठ जनपदों की पुलिस टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उद्घाटन समारोह में एसएसपी डॉ. इलामारन ने सभी टीमों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में एटा, आगरा, कासगंज, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़ और हाथरस की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबले में पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल स्पर्धा में मेजबान एटा ने कासगंज को 25-10 और 25-6 के सीधे सेटों में हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग की सेपकटकरा प्रतियोगिता में फिरोजाबाद ने कासगंज को 2-0 से शिकस्त देकर विजयी शुरुआत की। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के साथ खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखने को मिलेगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें