एनएसयूआई प्रतापगढ़ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार, कई युवाओं को मिली नई जिम्मेदारी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) प्रतापगढ़ ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा ने नई टीम की घोषणा करते हुए संगठन में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताया।
घोषित कार्यकारिणी के अनुसार रितेश पाल को जिला महासचिव, मुस्कान यादव एवं अनु यादव को जिला सचिव तथा साहिल सरोज को सोशल मीडिया जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा छात्र-छात्राओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि एनएसयूआई देश के छात्र-युवा आंदोलनों की मजबूत आवाज़ है। उन्होंने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सभी पदाधिकारी छात्र-छात्राओं के अधिकारों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा ने कहा कि संगठन का विस्तार युवाओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतापगढ़ में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर, अजीत सिंह, एनएसयूआई एमडीपीजी इकाई अध्यक्ष शिवांशु भट्ट, जिला उपाध्यक्ष विकास पटेल, जिला सचिव अंजलि यादव, जिला सचिव सुधांशु सिंह सहित एनएसयूआई एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें मन की बात के 136वें एपिसोड का किया श्रवण, कार्यकर्ताओं संग साझा किए प्रधानमंत्री के प्रेरक विचार












