हाईकोर्ट के आदेश पर गरजा बुलडोजर, पीडब्ल्यूडी की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा, प्रतापगढ़। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सोमवार को कुंडा तहसील क्षेत्र के महेशगंज थाना अंतर्गत सराय स्वामी गांव के पास बाबागंज-बिहार मार्ग स्थित माघी मोड़ पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सराय स्वामी गांव निवासी पवन कुमार पांडेय ने पीडब्ल्यूडी की भूमि पर चाय-नाश्ते की दुकान बनाकर कब्जा कर रखा था। इसी गांव की आशा देवी पत्नी जगमोहन ने अतिक्रमण हटवाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई। पैमाइश में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों की ओर से निर्माण हटाने के लिए कुछ समय देने की मांग की गई, लेकिन हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के चलते अधिकारियों ने कोई राहत नहीं दी और तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका। स्थानीय लोगों के बीच दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।












