कासगंज: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर कासगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने मंगलवार को थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र स्थित कादरगंज गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का
मंडल संवाददाता अमित चौहान
निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने फ्लड कंपनी के जवानों और स्थानीय गोताखोरों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार और थाना प्रभारी के साथ सिकंदरपुर वैश्य, पटियाली, एटा रोड और गंजडुंडवारा समेत पूरे कांवड़ रूट एवं डायवर्जन मार्गों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पुलिस तैनाती की समीक्षा की।
एसपी ने अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त करने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, संभ्रांत नागरिकों और कांवड़ मित्रों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मांसाहारी भोजन और मदिरा की बिक्री एवं सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के साथ समन्वय कर शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने सभी विभागों और कांवड़ समितियों के सहयोग से यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा जताया।












