जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्तरीय उद्योग बन्धु बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर






सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में करें प्रकरणों का निस्तारण, निवेश मित्र पोर्टल पर दें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़,औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत समस्याओं के समाधान हेतु समिति गठित, अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश,उद्योगों के अनुकूल वातावरण सृजित करने एवं निवेश को बढ़ावा देने पर दिया गया बल गाजियाबाद।दिनांक 29 जुलाई, 2026 जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उद्योग बन्धु बैठक में प्राप्त प्रकरणों पर सकारात्मक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत उनका समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बैठक में प्रस्तुत सभी प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराई जाए तथा निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।बैठक के दौरान यूपीसीडा से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपमहाप्रबन्धक (सिविल प्रथम), यूपीसीडा, गाजियाबाद श्री सलिल यादव को यूपीसीडा एवं मुख्यालय स्तर पर स्वीकृति हेतु लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण कर उन्हें शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिए। साथ ही साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित यदु गैस एजेंसी, साइट-4 के समीप यूपीसीडा के पार्क में अवैध कब्जे एवं अतिक्रमण की शिकायत पर उपमहाप्रबन्धक (सिविल प्रथम), यूपीसीडा एवं उपजिलाधिकारी सदर को संयुक्त रूप से पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।विद्युत वितरण खण्ड मुरादनगर क्षेत्र में उच्चदाब विद्युत लाइन को भूमिगत किए जाने से संबंधित प्रकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई खण्ड मेरठ को लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं गुलधर एवं दुहाई औद्योगिक क्षेत्र के बाहर मेरठ रोड पर जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान मुख्य अभियंता, नगर निगम गाजियाबाद द्वारा अवगत कराया गया कि समस्या के स्थायी समाधान हेतु पीएनजी एवं विद्युत लाइनों के स्थानांतरण की आवश्यकता है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य अभियंता नगर निगम की अध्यक्षता में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, परियोजना प्रबन्धक आरआरटीएस, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड मुरादनगर, अधिशासी अभियंता जलकल एवं उपायुक्त उद्योग को सम्मिलित करते हुए एक समिति गठित की तथा व्यवहारिक समाधान एवं लागत अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए।औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता एवं यातायात संबंधी समस्याओं पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्रों के निकट नगर निगम द्वारा संचालित डम्पिंग यार्ड से उत्पन्न दुर्गन्ध की समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य अभियंता नगर निगम को यार्ड को पूर्णतः आवृत (कवर) करने तथा कूड़े के नियमित उठान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिकहेड़ा रोड औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश द्वार के चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मोदीनगर को केवल मार्ग चौड़ीकरण का व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त लोनी तिराहे पर नो-एंट्री अवधि के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में आने वाले मालवाहक वाहनों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सुचेता सिंह को आवश्यक परीक्षण कर यथोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं तथा जनपद में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।












